बीकानेर। शहर में झपटमारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार को कोठारी अस्पताल के पास एक महिला झपटमार का शिकार बन गई। मोटरसाइकिल पर सवार नकाबपोश बदमाश महिला के हाथ से बैग छीनकर फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला सड़क से गुजर रही थी, तभी तेज गति से आए मोटरसाइकिल सवार युवक ने उसके पास पहुंचकर झपट्टा मारा और बैग लेकर फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला और आसपास मौजूद लोग संभल भी नहीं पाए।वारदात के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर नया शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटानी शुरू कर दी है।बताया जा रहा है कि पूरी झपटमारी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। पुलिस आसपास के मार्गों और संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच कर रही है।