बीकानेर: 85 फीट ऊंचे रावण का दहन, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा करणी सिंह स्टेडियम
बीकानेर। शहर में दशहरे का पर्व धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। करणी सिंह स्टेडियम में 85 फीट ऊंचे रावण के पुतले के दहन के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया। इस दौरान 75-75 फीट ऊंचे कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का भी दहन किया गया। इससे पहले रावण की लंका और पूतना के पुतले का दहन आकर्षण का केंद्र रहा। आयोजन में 25 हजार से अधिक लोगों ने शिरकत की।
दशहरे के अवसर पर करणी सिंह स्टेडियम में आस्था, परंपरा और उत्साह का भव्य नजारा देखने को मिला। विशाल पुतलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग परिवार सहित पहुंचे। जैसे ही रावण के पुतले का दहन हुआ, पूरा स्टेडियम जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। रावण दहन के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह नजर आया।
कार्यक्रम में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, पूर्व मंत्री बीडी कल्ला, महापौर अनिल कल्ला, संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा,जिला कलेक्टर निशांत जैन, जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने दशहरे की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। वहीं जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने भी बीकानेरवासियों को दशहरे की बधाई दी। उन्होंने कहा कि वे परिवार सहित दशहरा देखने आए हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और त्योहारों को उत्साह के साथ मनाने का संदेश दिया।इस बार आयोजन में पर्यावरण का ध्यान रखते हुए इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी का विशेष नजारा देखने को मिला। रंग-बिरंगी रोशनी और शानदार आतिशबाजी ने दर्शकों का मन मोह लिया। मैदान में मौजूद लोगों ने इस नजारे का आनंद लिया।
*बाइट अर्जुन राम मेघवाल केन्द्रीय मंत्री।*
*बाइट मृदुल कच्छावा जिला पुलिस अधीक्षक।*