बीकानेर। रानी बाजार क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद महिला मरीज की मौत से बुधवार को तनावपूर्ण स्थिति बन गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया और एक चिकित्सक के साथ मारपीट की। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।जानकारी के अनुसार लूणकरणसर क्षेत्र के हंसेरा गांव निवासी रुकसाना बानो को गॉलब्लैडर में पथरी की शिकायत के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उनका ऑपरेशन किया गया, लेकिन ऑपरेशन के कुछ समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर उन्हें गहन चिकित्सा निगरानी में रखा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और चिकित्सक डॉ. तनवीर मालवत के साथ हाथापाई भी की गई । वहां मौजूद कुछ लोगों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया।मृतका के पति मोहम्मद इकबाल का आरोप है कि ऑपरेशन से पहले मरीज की स्वास्थ्य स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं थी, इसके बावजूद सर्जरी की गई। उनका कहना है कि ऑपरेशन के बाद लगातार हालत बिगड़ती रही और आखिरकार उनकी पत्नी की जान चली गई।फिलहाल महिला की मौत का कारण चिकित्सकीय दृष्टि से वास्तविक वजह और उपचार में किसी प्रकार की चूक हुई या नहीं, इसका पता जांच और विशेषज्ञों की रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।