बीकानेर: ट्रेन हादसे में चौथे व्यक्ति की भी मौत, दस दिन तक जिंदगी से जूझते रहे अमरचंद
बीकानेर। दीपावली के दिन घड़सीसर अंडरब्रिज के पास हुए दर्दनाक ट्रेन हादसे में घायल चौथे व्यक्ति अमरचंद सांखला की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के दसवें दिन बुधवार को अमरचंद ने अस्पताल में अंतिम सांस ली। हादसे में गंभीर रूप से घायल अमरचंद के सिर का ऑपरेशन भी किया गया था, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।गौरतलब है कि दीपावली के दिन हुए इस हादसे में मौके पर ही पति-पत्नी सहित तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि अमरचंद सांखला गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। दोनों के बीच चल रहे विवाद को शांत करवाने और उन्हें छुड़वाने के लिए अमरचंद मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान हुए हादसे में वे भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दस दिन तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद आखिरकार उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।