बीकानेर: आबादी के बीच सीवरेज का तालाब, वल्लभ गार्डन बना मिनी सूरसागर
बीकानेर। शहर के वल्लभ गार्डन क्षेत्र में सीवरेज के गंदे पानी ने तालाब का रूप ले लिया है। चिराग होटल के पास आबादी क्षेत्र में लंबे समय से जमा गंदा पानी अब स्थानीय निवासियों के लिए मुसीबत बन गया है। हालात ऐसे हैं कि क्षेत्र को ‘मिनी सूरसागर’ कहा जाने लगा है। गंदे पानी के जमाव से उठती दुर्गंध और संक्रमण की आशंका के चलते लोगों का जीना दुश्वार हो गया है।क्षेत्रवासियों का कहना है कि समस्या को लेकर नगर निगम में बार-बार शिकायतें करने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। निगम की अनदेखी से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी के विरोध में आज पार्षद डॉ. भगवान सिंह मेड़तिया के नेतृत्व में धरना दिया जाएगा। धरने में पार्षद विक्रम सिंह राजपुरोहित, पुनीत शर्मा सहित अन्य पार्षद भी शामिल होंगे।क्षेत्रवासियों की मांग है कि सीवरेज के गंदे पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें इस समस्या से राहत मिल सके। अब सवाल यह है कि आखिर नगर निगम कब जागेगा और आबादी के बीच बने इस ‘मिनी सूरसागर’ से लोगों को कब निजात मिलेगी?