बीकानेर: टहलने निकली बुजुर्ग महिला के गले पर झपटा मार ले गए मंगलसूत्र
बीकानेर। शहर में महिलाओं के गले से आभूषण छीनने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। जेएनवीसी थाना क्षेत्र के तिलकनगर में बाइक सवार तीन युवकों ने दिनदहाड़े एक महिला को निशाना बनाते हुए उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए।घटना 16 नवंबर की दोपहर करीब 2:50 बजे गली नंबर-15 की है। पुलिस को दी रिपोर्ट में भींवराज सिंह सिद्ध ने बताया कि उनकी मां घर से बाहर टहलने के लिए निकली थीं। इसी दौरान बाइक पर आए तीन युवकों ने अचानक वारदात को अंजाम दिया। महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही आरोपी मंगलसूत्र लेकर मौके से भाग निकले।
वारदात के बाद पीड़ित परिवार ने जेएनवीसी थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग जांची जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।