बीकानेर। जिले के गजनेर थाना क्षेत्र स्थित कोटड़ी ग्राम पंचायत के किशनायत गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना में डम्पर से कुचलकर एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान डेह निवासी पूनमराम के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही गजनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
गजनेर थानाधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि प्रारंभिक जांच में डम्पर से कुचलने के कारण पूनमराम की मौत होना सामने आया है, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हुई है। प्रथमदृष्टया यह मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को दबोचा है। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और एफएसएल रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा घटना के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।