बीकानेर। शहर में ओवरटेक के चक्कर में एक भयंकर सड़क हादसा हो गया, जिसमें स्कूटी सवार एएसआई नानूराम गोदारा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा 5 नंबर रोड पर सिने मैजिक सिनेमा के पास हुआ, जहां अचानक टर्न लेने वाली टैक्सी से स्कूटी की जोरदार भिड़ंत हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टैक्सी चालक ने अचानक टर्न लिया, जिससे पीछे आ रही स्कूटी सीधे टैक्सी से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार एएसआई नानूराम गोदारा सड़क पर गिर गए और उनके सिर के सामने की ओर गंभीर चोट आई। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सिर पर 18 से ज्यादा टांके लगाए। उनकी हालत फिलहाल निगरानी में बताई जा रही है।हादसे के बाद टैक्सी चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने चालक का पीछा भी किया, लेकिन वह भागने में सफल रहा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक नशे में धुत नजर आ रहा था।
पूरी घटना पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस चालक की तलाश में जुटी है। घायल एएसआई नानूराम गोदारा बीकानेर रेंज आईजी कार्यालय में तैनात हैं।हादसे के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार टैक्सी चालक की तलाश शुरू कर दी है।