बीकानेर। शहर में अपराधियों के खिलाफ पुलिस-प्रशासन का सख्त तेवर शुक्रवार को सर्वोदय बस्ती में देखने को मिला, जब हिस्ट्रीशीटर सीताराम पुत्र रामकिशन जाट उर्फ सीताराम कस्वां के अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर गरज उठा। बीडीए की मांग पर पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में ‘पीला पंजा’ मकान पर चला और अवैध हिस्सों को ध्वस्त कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि सीताराम कस्वां पर बीकानेर के विभिन्न थानों में गंभीर प्रकृति के 11 से अधिक मामले दर्ज हैं। प्रशासन ने बदमाशों की दबंगई पर लगाम कसने के लिए यूपी स्टाइल में कार्रवाई करते हुए साफ संदेश दिया कि अपराध और अवैध कब्जे अब बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। बुलडोजर की गड़गड़ाहट के साथ ही अवैध निर्माण मलबे में तब्दील हो गया और इलाके में हड़कंप मच गया।
कार्रवाई के दौरान सीओ सिटी अनुज डाल, थानाधिकारी बिजेंद्र शीला सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। बीडीए तहसीलदार महेंद्र सिंह रत्नु मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की। सर्वोदय बस्ती स्थित मकान पर चली इस कार्रवाई को लेकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई, जबकि प्रशासन ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।