बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में रविवार दोपहर नेशनल हाईवे-11 पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब जयपुर की ओर जा रही एक निजी बस और सामने से आ रही बोलेरो वाहन की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो में सवार एक परिवार तोलियासर में दर्शन कर अपने गांव गुसाईंसर छोटा लौट रहा था। इसी दौरान हाईवे पर तेज रफ्तार बस से टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बोलेरो चालक दानीराम (45) सहित मेघा (16) और पांच वर्षीय शिवांगी की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
हादसे में वाहन में सवार आठ अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें पहले श्रीडूंगरगढ़ के उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। घायलों में विकास, अमिता और निधि की पहचान हो चुकी है, जबकि अन्य घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के अस्पताल पहुंचने से चिकित्सा स्टाफ तुरंत सक्रिय हो गया और अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी।
गौरतलब है कि नेशनल हाईवे-11 पर पिछले कुछ समय से लगातार गंभीर सड़क हादसे सामने आ रहे हैं। बीते एक माह के दौरान कई दुर्घटनाओं में अनेक लोगों की जान जा चुकी है, जिससे हाईवे सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।