बीकानेर। शहर के कोटगेट थाना क्षेत्र में रविवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। घर में हुए विवाद के बाद 13 वर्षीय किशोर ने कथित रूप से फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। भाई को इस हालत में देखकर उसकी 15 वर्षीय बहन भी गहरे सदमे में आ गई और उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।सूचना मिलने पर परिजन और आसपास के लोगों ने बालिका को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर और स्थिर बताई जा रही है।
कोटगेट थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में भाई-बहन के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने की जानकारी सामने आई है। इसी के बाद बालक ने यह कदम उठाया। घटना के समय माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे।पड़ोसियों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।