बीकानेर। देशभर में चर्चित तिरुपति लड्डू प्रसाद घी मामले की जांच की आंच अब बीकानेर तक पहुंच गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने बुधवार सुबह शहर के कोयला गली क्षेत्र स्थित घी कारोबारी मोहनलाल आशीष कुमार अग्रवाल के कार्यालय पर दबिश देकर जांच शुरू की।जानकारी के अनुसार तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के लड्डू प्रसाद में उपयोग किए गए घी की आपूर्ति से जुड़े मामले में ईडी यह कार्रवाई कर रही है। टीम सुबह-सुबह कारोबारी के कार्यालय पहुंची और दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी। कार्रवाई की सूचना मिलने पर कोटगेट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन ईडी अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस को वापस भेज दिया। गौरतलब है कि इसी फर्म पर इससे पहले 15 जनवरी 2026 को आयकर विभाग की टीम ने भी छापेमारी की थी। करीब साढ़े चार महीने बाद अब ईडी की कार्रवाई ने मामले को फिर से चर्चा में ला दिया है।बताया जा रहा है कि वर्ष 2022 में तिरुपति मंदिर के प्रसिद्ध लड्डू प्रसाद में इस्तेमाल होने वाले घी की गुणवत्ता को लेकर कई शिकायतें सामने आई थीं। इसके बाद गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने मामले की जांच की। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर टीटीडी ने उत्तराखंड की भोलेबाबा डेयरी को ब्लैकलिस्ट कर दिया था।आरोप है कि ब्लैकलिस्ट होने के बावजूद डेयरी संचालकों ने अन्य फर्मों के नाम से टेंडर हासिल कर घी की आपूर्ति जारी रखी। इनमें वैष्णवी डेयरी, माल गंगा डेयरी और एआर डेयरी फूड्स जैसी फर्मों के नाम सामने आए थे। अब इसी पूरे मामले से जुड़े वित्तीय लेन-देन और सप्लाई चेन की कड़ियों को खंगालने के लिए ईडी जांच में जुटी हुई है।फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है और अधिकारियों की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।