बीकानेर। शहर के सर्किट हाउस में चल रही जनसुनवाई के दौरान उस समय माहौल गरमा गया जब एक युवक ने बीडीए अधिकारियों पर काम के बदले कथित तौर पर कट मनी लेने और बिना पैसे काम नहीं करने के आरोप लगा दिए। शिकायत सुनते ही यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा नाराज हो गए और युवक को खरी-खरी सुना दी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक अपनी समस्या लेकर मंत्री के सामने पहुंचा और अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। इस पर मंत्री ने कड़े तेवर दिखाते हुए कहा, मैं कल से यहां हूं, लगातार जनसुनवाई कर रहा हूं। अब आकर सिर्फ हल्ला क्यों कर रहे हो? इतनी परेशानी थी तो सुबह 9 बजे, 10 बजे या शाम को भी आ सकते थे। मैं सब समझता हूं, मुझे 55 साल का अनुभव है।
मंत्री की इस प्रतिक्रिया के बाद कुछ देर तक जनसुनवाई कक्ष में तीखी नोकझोंक का माहौल बना रहा। युवक गोपाल किराडू अपनी बात पर अड़ा रहा, जबकि मंत्री ने उसके आरोपों पर सवाल उठाए।
इसी दौरान एक अन्य युवक के साथ भी मंत्री की तीखी बहस हो गई। बताया जा रहा है कि ज्ञापन देने पहुंचे युवक को मंत्री को जवाब देते हुए कहा, अधिकारियों केचक्कर काट काटकर मैं परेशान हो गया हूं आप इस मामले में सुनवाई करे नहीं तो ज्ञापन यहीं फाड़कर फेंक दूंगा। इस टिप्पणी के बाद वहां मौजूद लोग कुछ देर के लिए स्तब्ध रह गए।
घटना के बाद शिकायतकर्ता युवक ने कहा कि वह अपने काम के संबंध में मंत्री से मिलने आया था, लेकिन जैसे ही उसने कट मनी का मुद्दा उठाया, मंत्री नाराज हो गए।