बीकानेर। सिटी डिस्पेंसरी नंबर-5 में हुए हाईप्रोफाइल हंगामे का मामला अब थाने पहुंच गया है। जिस विवाद के बाद महिला चिकित्सक को हटाने की मांग को लेकर धरना दिया गया था, अब उसी चिकित्सक की शिकायत पर पूर्व यूआईटी चेयरमैन मकसूद अहमद सहित कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
डिस्पेंसरी प्रभारी डॉ. बिंदूबाला ने कोटगेट थाने में दी रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि 30 मई को दो माह के बच्चे को बेहतर इलाज के लिए पीबीएम अस्पताल रेफर करने के बाद कुछ लोग बड़ी संख्या में डिस्पेंसरी पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। चिकित्सक का आरोप है कि आरोपियों ने राजकार्य में बाधा डाली, गाली-गलौज की, धमकियां दीं और उन्हें कमरे में बंद कर बंधक बना लिया। साथ ही बिना अनुमति वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया गया। इस पुरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में बड़ी संख्या में लोग महिला चिकित्सक के कक्ष में मौजूद हैं। इस दौरान मौके पर जमा भीड़ तेज बहस, शोर-शराबा और जमकर हंगामा कर रहे हैं। इस मामले को लेकर कोटगेट थाना प्रभारी धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि डॉ. बिंदूबाला की रिपोर्ट पर मकसूद अहमद सहित अन्य लोगों के खिलाफ राजकार्य में बाधा पहुंचाने, अभद्रता करने, धमकियां देने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।गौरतलब है कि घटना के बाद मकसूद अहमद और उनके समर्थकों ने महिला चिकित्सक को हटाने की मांग को लेकर डिस्पेंसरी के बाहर धरना दिया था। बाद में सीएमएचओ ने चिकित्सक को वहां से हटा दिया था। अब दर्ज हुए मुकदमे ने पूरे विवाद को नया मोड़ दे दिया है।