बीकानेर। पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने के मामले में रविवार को एक और दुखद घटना सामने आई। उपचाराधीन महिला शारदा नायक की मौत हो गई। डिलीवरी के बाद उसकी तबीयत लगातार खराब बनी हुई थी और गंभीर स्थिति के चलते उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था।
जानकारी के अनुसार, प्रसव के बाद शारदा के कई अंग प्रभावित हो गए थे। विशेष रूप से किडनी संबंधी गंभीर समस्या उत्पन्न होने के बाद उसका लंबे समय से अस्पताल में इलाज चल रहा था। चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद रविवार को उसने अंतिम सांस ली।
उल्लेखनीय है कि इसी मामले में दो दिन पहले प्रीति नायक की भी मौत हो चुकी है। डिलीवरी के बाद कुल छह महिलाओं की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया था, जिनमें किडनी सहित अन्य अंगों पर प्रतिकूल असर पड़ने की बात सामने आई। इनमें से एक महिला उपचार के बाद स्वस्थ होकर घर लौट चुकी है, जबकि अन्य महिलाओं का अभी भी अस्पताल में इलाज जारी है।
लगातार दूसरी प्रसूता की मौत के बाद पीबीएम अस्पताल की व्यवस्थाओं और उपचार प्रक्रिया को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मामले ने न केवल बीकानेर बल्कि पूरे प्रदेश का ध्यान अपनी ओर खींचा है। प्रभावित महिलाओं के परिजनों में भी गहरा आक्रोश है और वे पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।