बीकानेर: जिला प्रमुख बनने से पहले कांग्रेस में महाभारत! निर्वाचित सदस्य को ले जाने का आरोप, अब सीआईडी सीबी करेगी जांच
बीकानेर। जिला परिषद में बहुमत हासिल कर जश्न मना रही कांग्रेस के भीतर जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर सियासी घमासान अब थाने तक पहुंच गया है। जिला परिषद सदस्यों की बाड़ाबंदी और अपने-अपने खेमे को मजबूत करने की कवायद के बीच एक निर्वाचित महिला सदस्य को जबरन ले जाने और परिजनों के साथ मारपीट के आरोपों ने कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति में भूचाल ला दिया है। इस मामले में नोखा विधायक सुशीला डूडी, देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग और कांग्रेस नेता भंवर कूकना का नाम सामने आया है। मामला दर्ज होने के बाद अब इसकी जांच CID-CB को सौंपी गई है।विवाद की शुरुआत 20 नवंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति चुनाव की मतगणना के बाद हुई। वार्ड संख्या 9 से निर्वाचित भोलासर निवासी मैना देवी के पति नेमाराम मेघवाल ने आरोप लगाया कि चुनाव परिणाम आने के बाद शाम करीब छह बजे उनकी पत्नी को पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर से जबरन अपने साथ ले जाया गया। नेमाराम का आरोप है कि इस दौरान उनके और उनके भाई के साथ मारपीट की गई तथा कपड़े तक फाड़ दिए गए। घटना के बाद परिवार में आक्रोश फैल गया।इस घटनाक्रम को लेकर नेमाराम ने 21 नवंबर को जय नारायण व्यास कॉलोनी थाने में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में पत्नी के अपहरण और मारपीट के आरोप लगाते हुए देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग और कांग्रेस नेता भंवर कूकना सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया। प्रकरण में एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। वहीं, नोखा विधायक सुशीला डूडी पर निर्वाचित सदस्य को अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया गया है।इस पूरे विवाद ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है। मेघवाल समाज के मौजीज लोगों की एक गुप्त बैठक होने और घटनाक्रम को लेकर समाज में गहरी नाराजगी की चर्चाएं हैं। यहां तक कि समाज के हजारों लोगों के कांग्रेस छोड़ने की रणनीति बनाए जाने की चर्चाएं भी राजनीतिक गलियारों में तेज हैं। हालांकि इन चर्चाओं की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।कांग्रेस के लिए यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब जिला परिषद में पार्टी ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है और जिला प्रमुख की ताजपोशी की तैयारियां होनी हैं। लेकिन कुर्सी की लड़ाई में सदस्यों की बाड़ाबंदी अब पार्टी के भीतर शक्ति प्रदर्शन और आपसी खींचतान का रूप लेती दिख रही है। बहुमत के जश्न के बीच FIR ने कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।