बीकानेर। संभाग के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पीबीएम में एक बार फिर व्यवस्थाओं की पोल खोलता वीडियो सामने आया है। अस्पताल के लेबर रूम के पास स्थित दवा वितरण केन्द्र पर तैनात फार्मासिस्ट की गहरी नींद इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। वायरल वीडियो में मरीज का परिजन दवा लेने के लिए काउंटर पर पहुंचता है, लेकिन वहां मौजूद कर्मचारी नींद के आगोश में ऐसा खोया नजर आता है कि बार-बार आवाज लगाने के बावजूद उसकी नींद नहीं टूटती।वीडियो में परिजन कई बार काउंटर पर दस्तक देता है, आवाजें लगाता है और दवा देने की गुहार करता है, लेकिन जवाब में सन्नाटा ही सुनाई देता है। आखिरकार परेशान परिजन ने पूरे घटनाक्रम को मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहा है।सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस अस्पताल में हर मिनट किसी मरीज की जिंदगी से जुड़ा हो सकता है, वहां यदि दवा वितरण केन्द्र पर तैनात कर्मचारी ही नींद के हवाले हो जाए तो आपात स्थिति में मरीजों का क्या होगा? खासकर लेबर रूम जैसे संवेदनशील क्षेत्र के पास ऐसी लापरवाही लोगों को हैरान कर रही है।