बीकानेर। कोलायत क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राजस्थान सरकार के मंत्री सुमित गोदारा के साथ ट्रैक्टर पर नजर आए कांग्रेस नेता श्याम सिंह भाटी को कांग्रेस संगठन ने देहात जिला उपाध्यक्ष पद से हटा दिया है। इस कार्रवाई के बाद जिले की राजनीति में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश पर संगठन महासचिव ललित तूनवाल ने आदेश जारी कर श्याम सिंह भाटी को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया। उल्लेखनीय है कि छह दिन पूर्व ही घोषित बीकानेर देहात कांग्रेस की कार्यकारिणी में भाटी को जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
बताया जा रहा है कि बुधवार को कोलायत में एक कार्यक्रम के दौरान भाटी मंत्री सुमित गोदारा के साथ ट्रैक्टर पर दिखाई दिए थे। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में विभिन्न तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि कांग्रेस की ओर से पदमुक्ति का कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है, लेकिन घटनाक्रम के समय और परिस्थितियों को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
श्याम सिंह भाटी को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामेश्वर डूडी के करीबी नेताओं में माना जाता है। उनके पदमुक्त होने के बाद अब सभी की नजर उनकी प्रतिक्रिया पर टिकी हुई है।