बीकानेर। शहर के रेलवे स्टेशन के सामने स्थित एक मॉल में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग मॉल के किचन की चिमनी में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें और धुआं फैलने के बाद मॉल में मौजूद लोगों को तत्काल बाहर निकाला गया।घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। सुरक्षा की दृष्टि से मॉल को पूरी तरह खाली करवाया गया। आग की गंभीरता को देखते हुए पास स्थित पेट्रोल पंप को भी एहतियातन खाली करा दिया गया।मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह, थानाधिकारी विक्रम तिवारी सहित पुलिस और प्रशासन की टीमें पहुंचीं तथा रेस्क्यू ऑपरेशन की कमान संभाली। मॉल परिसर में स्थित होटल में रखे गैस सिलेंडरों को भी बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके।पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। मॉल में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।घटनास्थल पर पुलिस-प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौजूद हैं तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।