बीकानेर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सोमवार देर रात बीकानेर पहुंचे। उनके आगमन को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में दिनभर विशेष हलचल देखने को मिली। नाल एयरफोर्स स्टेशन पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति,प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा, चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर, पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह राठौड़ सहित भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। गृह मंत्री अमित शाह एयरफोर्स स्टेशन से सीधे बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने रात्रि विश्राम किया। उनके साथ केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल भी मौजूद रहे। गृह मंत्री के बीकानेर दौरे को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इस दौरान वे भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। अमित शाह मंगलवार को सांचू सीमा चौकी पहुंचेंगे, जहां वे सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों और जवानों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वे सीमा क्षेत्र में तैनात जवानों का हौसला बढ़ाने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा भी करेंगे। गृह मंत्री सीमा पर लगाए गए आधुनिक निगरानी उपकरणों, हाईटेक सर्विलांस सिस्टम और ड्रोन मॉनिटरिंग तकनीकों की जानकारी लेंगे।गृह मंत्री बीएसएफ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक भी करेंगे, जिसमें सीमा सुरक्षा ग्रिड को और मजबूत बनाने, सीमा पार से होने वाली घुसपैठ, ड्रोन गतिविधियों और तस्करी रोकने के उपायों पर विस्तार से चर्चा होगी। हाल के समय में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बढ़ती ड्रोन गतिविधियों और तस्करी की घटनाओं को देखते हुए यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है। गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए बीकानेर शहर सहित सीमा क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस, बीएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। नाल एयरफोर्स स्टेशन से लेकर बीएसएफ मुख्यालय और सीमा क्षेत्र तक सुरक्षा का बहुस्तरीय घेरा बनाया गया है। कई स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। गृह मंत्री अमित शाह का यह दौरा राजनीतिक और सुरक्षा दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं में उनके आगमन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला, वहीं प्रशासनिक अमला भी पूरे दौरे को लेकर पूरी तरह मुस्तैद नजर आया