बीकानेर। एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। लंबे समय बाद हुए इस बदलाव ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। तेल कंपनियों की ओर से जारी नई दरों के बाद शहर में वाहन चलाना पहले से ज्यादा महंगा हो गया है।
शहर में सामान्य पेट्रोल अब 109.46 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर पहुंच गया है। इससे पहले उपभोक्ताओं को यही पेट्रोल 106.22 रुपये प्रति लीटर मिल रहा था। यानी कीमत में 3.24 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है।
प्रीमियम श्रेणी के स्पीड पेट्रोल के दाम भी बढ़ाए गए हैं। इसकी कीमत अब 119.12 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जबकि पहले यह करीब 115 रुपये प्रति लीटर बिक रहा था।डीजल की कीमतों में भी करीब तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पहले जहां डीजल 91.77 रुपये प्रति लीटर था, वहीं अब इसके लिए 94.73 रुपये प्रति लीटर चुकाने पड़ रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि डीजल महंगा होने से ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ेगा, जिसका असर सब्जियों, अनाज और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर पड़ सकता है।
*अक्टूबर 2024 के बाद पहली बढ़ोतरी*
बीकानेर में इससे पहले अक्टूबर 2024 में ईंधन की कीमतों में बदलाव हुआ था। लगभग सात महीने बाद फिर से दाम बढ़ने से लोगों का घरेलू बजट प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
रोजाना वाहन से लंबी दूरी तय करने वाले लोग, टैक्सी संचालक और माल परिवहन से जुड़े कारोबारियों पर इस बढ़ोतरी का सीधा असर पड़ने वाला है। आमजन का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच ईंधन के दाम बढ़ना राहत के बजाय नई परेशानी लेकर आया है।