बीकानेर। संभाग के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पीबीएम में स्वास्थ्य कर्मियों की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। आरोप है कि बीती रात एक मरीज के परिजन के साथ अस्पताल परिसर में अभद्र व्यवहार मारपीट की घटना सामने आई है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में अस्पताल में कार्यरत कर्मी मरीज के परिजन को बाल पकड़कर जबरन माइक्रोबायोलॉजी विभाग की लैब में ले जा रहा है। जहां उसके साथ मारपीट भी वायरल वीडियो में साफ देखी जा सकती है।बताया जा रहा है कि अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। वायरल वीडियो के बाद शहर वासियो में आक्रोश का माहौल है। लोगों का आरोप है कि अस्पताल में सम्मानजनक व्यवहार मिलने के बजाय अपमान और डर का सामना करना पड़ रहा है।
घटना के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।