बीकानेर। शहर में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है।शहर के लगभग हर थाना क्षेत्र में आए दिन लगातार हो रही चोरी की वारदातों के बीच अब नया शहर थाना इलाके के सोनगिरी कुआं क्षेत्र स्थित हनुमान जी भुजिया की दुकान को निशाना बनाकर बदमाशों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दे डाली।बताया जा रहा है कि देर रात दो शातिर चोर दुकान के बाहर पहुंचे और कुछ ही मिनटों में ताले तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद बदमाशों ने दुकान में रखी नकदी और अन्य सामान समेट लिया तथा मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात इतनी तेजी से अंजाम दी गई कि आसपास किसी को भनक तक नहीं लगी।सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरों की पूरी करतूत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में दोनों बदमाश बेखौफ अंदाज में चोरी करते नजर आ रहे हैं। ऐसा प्रतीत होता है मानो उन्हें कानून का कोई डर ही नहीं हो।सुबह जब दुकान मालिक मौके पर पहुंचा तो टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर उसके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के व्यापारियों में भी रोष फैल गया। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी हुई है। वहीं इस वारदात ने एक बार फिर रात के समय पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।