बीकानेर। जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में हेमासर गांव के पास सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने एक पूरे परिवार को उजाड़ दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई 2 वर्षीय मासूम तनवी ने भी मंगलवार देर रात पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। तनवी के निधन के साथ ही इस दर्दनाक हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई है।
जानकारी के अनुसार हरियाणा के फतेहाबाद जिले के मताना निवासी रिटायर्ड सीनियर अकाउंटेंट ओमप्रकाश विश्नोई का पूरा परिवार इस हादसे की चपेट में आ गया। तनवी के सिर में गंभीर चोट आई थी और वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर भर्ती थी। देर रात करीब 2:30 बजे परिजनों को उसके निधन की सूचना मिली।इस हादसे में पहले ही ओमप्रकाश विश्नोई (50), उनकी पत्नी सोरमा (45), पुत्री प्रमिला (4), रोनित पुत्र सुरेन्द्र (4), यश्वी पुत्री अमित (10) तथा खुशी पुत्री संदीप (8) की मौत हो चुकी थी। तनवी की मौत के बाद एक ही परिवार के सात सदस्य काल का ग्रास बन गए।हादसे की खबर ने न केवल हरियाणा के मताना गांव बल्कि श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र को भी गहरे सदमे में डाल दिया है। एक साथ सात जिंदगियों के बुझ जाने से पूरे इलाके में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं इस दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।