बीकानेर। शहर की वर्षों पुरानी रेलवे फाटक समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अब कवायद तेज होती नजर आ रही है। बुधवार को विधायक जेठानंद व्यास कोटगेट रेलवे फाटक पहुंचे, जहां उन्होंने रेलवे अधिकारियों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों से विस्तृत चर्चा कर समस्या के विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली।इस दौरान विधायक ने कोटगेट और सांखला रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम, आवागमन में होने वाली परेशानी और संभावित समाधान को लेकर लोगों से फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण कर तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं को भी समझने का प्रयास किया।विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से किए गए तीन प्रमुख वादों में रेलवे फाटक समस्या का समाधान भी शामिल था। उन्होंने बताया कि यूआईटी को बीडीए बनाने और जिला अस्पताल से जुड़े वादों पर कार्य होने के बाद अब तीसरे बड़े वादे को पूरा करने की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने से पहले उसके तकनीकी और व्यवहारिक पक्षों को समझना जरूरी होता है। इसी उद्देश्य से वे स्वयं मौके पर पहुंचे हैं ताकि सभी पक्षों से चर्चा कर जल्द से जल्द प्रभावी समाधान की दिशा में काम शुरू कराया जा सके।व्यास ने बताया कि हाल ही में जयपुर प्रवास के दौरान उन्होंने दोनों उपमुख्यमंत्रियों से मुलाकात कर बीकानेर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था। रेलवे फाटकों की समस्या भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रही है।