बीकानेर। पूगल रोड स्थित सब्जी मंडी में पिछले कुछ दिनों से हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों का उबल रहा गुस्सा मंगलवार को अचानक फट पड़ा। एक लाख रुपए की चोरी की खबर मिलते ही व्यापारियों ने कथित आरोपी युवक को पकड़ लिया और फिर जो हुआ, उसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।बताया जा रहा है कि पिछले दो-तीन दिनों से मंडी में जेबतराशी की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं। व्यापारी और ग्राहक दोनों ही परेशान थे, लेकिन चोर हाथ नहीं आ रहा था। मंगलवार को जब नंबर 1 दुकान चन्द्रभान महेश कुमार झांब से करीब एक लाख रुपए चोरी हुए, तो लोगों का सब्र जवाब दे गया।
शक के आधार पर एक युवक को पकड़ते ही भीड़ जमा हो गई। पहले सवाल-जवाब हुए, फिर देखते ही देखते मामला गरमा गया और गुस्साए लोगों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी। मंडी का माहौल कुछ ही मिनटों में तनाव और अफरातफरी में बदल गया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में भीड़ का गुस्सा साफ नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि युवक लूणकरणसर क्षेत्र का रहने वाला है।
सूचना मिलते ही मुक्ताप्रसाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने किसी तरह युवक को भीड़ से छुड़ाया और अपने साथ ले गई।मंडी में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों के सब्र का बांध तोड़ दिया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।