बीकानेर। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंदगोपाल गुप्ता ‘नंदी’ शुक्रवार को बीकानेर पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत उद्योगपति शिव रतन अग्रवाल के निधन पर शोक व्यक्त किया। नंदी ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दिवंगत अग्रवाल को विजनरी बिजनेसमैन बताते हुए उनके योगदान को याद किया।इस दौरान मीडिया से बातचीत में नंदी ने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल के नतीजे साफ संकेत दे रहे हैं कि भाजपा ने जिस तरह से बंगाल में चुनाव प्रचार किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह ने जिस मेहनत के साथ अभियान चलाया, उसका सकारात्मक परिणाम सामने आएगा।
नंदी ने आरोप लगाया कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने पिछले वर्षों में प्रदेश में अराजकता और डर का माहौल बनाया हुआ था। उन्होंने कहा कि लोगों को घरों से बाहर निकलने तक में भय महसूस होता था और कई जगहों पर मतदान प्रभावित करने के लिए इमारतों तक पर ताले लगाए जाते थे।उन्होंने आगे कहा कि इस बार बंगाल की जनता ने निर्भीक होकर मतदान किया है और तुष्टिकरण की राजनीति से त्रस्त होकर बदलाव का मन बना लिया है। नंदी के अनुसार, बंगाल में कानून व्यवस्था की स्थिति ऐसी थी कि आम लोगों के साथ सख्ती और एक वर्ग विशेष के प्रति नरमी दिखाई जाती थी, जिससे बंगाल की जनता में आक्रोश था।नंदी ने विश्वास जताया कि इन परिस्थितियों को देखते हुए पश्चिम बंगाल में इस बार बड़ा राजनीतिक परिवर्तन होगा और भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।