बीकानेर। शहर के गंगाशहर इलाके में बुधवार को स्थित एक पापड़ फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे कारखाने को अपनी चपेट में ले लिया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में लगी डीजल भट्टी से आग भड़की, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। आग पर काबू पाने के लिए तीन दमकल की गाड़ियों को लगाया गया है, वहीं अतिरिक्त पानी की जरूरत को देखते हुए कई पानी के टैंकर भी मौके पर मंगवाए गए हैं।
घटना की सूचना पर सीओ हिमांशु शर्मा भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। दमकलकर्मी लगातार आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।
आग से फैक्ट्री में भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है।