बीकानेर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 25 मई को दो दिवसीय दौरे पर बीकानेर पहुंचेंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। गृह मंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं तथा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह 25 मई की रात 10:20 बजे विशेष विमान से बीकानेर पहुंचेंगे। इसके बाद वे रात 10:45 बजे बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय पहुंचेंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम रहेगा।26 मई को गृह मंत्री का पूरा कार्यक्रम सीमा क्षेत्र और बीएसएफ गतिविधियों पर केंद्रित रहेगा। सुबह 10:20 बजे वे हेलीकॉप्टर से सीमा चौकी सांचू के लिए रवाना होंगे। यहां सुबह 11:10 बजे से 11:40 बजे तक आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम, सैनिक सम्मेलन और बीएसएफ जवानों के साथ संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे सीमा पर तैनात जवानों का उत्साहवर्धन करेंगे तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी भी लेंगे।इसके बाद दोपहर 12:40 बजे महिला बैरकों के ई-उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे। महिला जवानों के लिए तैयार की गई नई सुविधाओं को लेकर इस कार्यक्रम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोपहर 12:50 बजे से 2 बजे तक मध्याह्न भोजन का कार्यक्रम प्रस्तावित है।दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक बैठक के लिए समय आरक्षित रखा गया है, जबकि शाम 4 बजे से 6 बजे तक विभिन्न प्रशासनिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दौरे के समापन पर गृह मंत्री शाम 6:25 बजे बीकानेर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
गृह मंत्री के दौरे को लेकर बीकानेर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस एवं बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार तैयारियों की मॉनिटरिंग की जा रही है। दौरे को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है।