बीकानेर। भारत-पाक सीमा से सटे बज्जू क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों ने एक सनसनीखेज कार्रवाई को अंजाम देते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक पर आरोप है कि उसने पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क को सिम कार्ड उपलब्ध करवाने में भूमिका निभाई। मामले के सामने आने के बाद खुफिया और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।सूत्रों के अनुसार एटीएस बीकानेर से मिले गोपनीय इनपुट के बाद बज्जू पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गौड़ू निवासी अनिल कुमार विश्नोई को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उपलब्ध करवाई गई सिम का संबंध पाकिस्तान के चर्चित डॉन शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े एक व्यक्ति तक पहुंच सकता है। हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच एजेंसियां यह खंगाल रही हैं कि आरोपी का संपर्क किन लोगों से था और सिम कार्ड का उपयोग किन गतिविधियों में किया गया।जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को सीमावर्ती इलाके में संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राष्ट्र विरोधी गतिविधियों और साइबर अपराध से जुड़े मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा तथा जांच में सामने आने वाले हर तथ्य पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और एजेंसियां उसके मोबाइल, संपर्कों तथा डिजिटल गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही हैं। जांच के आगे बढ़ने के साथ मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।