बीकानेर। जिले के महाजन क्षेत्र में मंगलवार को एक खेत में संदिग्ध ड्रोन मिलने से हड़कंप मच गया। महाजन कस्बे के निकट रामबाग माइनर के चक 3 आरबीएम स्थित कृषि भूमि में यह ड्रोन दिखाई देने के बाद किसानों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।जानकारी के अनुसार खेत में काम कर रहे किसानों की नजर विमाननुमा संरचना वाले एक ड्रोन पर पड़ी। अनजान वस्तु देखकर किसानों ने सतर्कता बरतते हुए इसकी सूचना महाजन पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ड्रोन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों और किसानों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। प्रारंभिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ड्रोन किसका है, वह यहां कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में खेत में गिरा। पुलिस इसके तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है तथा संबंधित एजेंसियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।मामले की गंभीरता को देखते हुए सैन्य अधिकारी और आर्मी इंटेलीजेंस की टीम भी मौके पर पहुंची। उल्लेखनीय है कि महाजन क्षेत्र में सेना की फील्ड फायरिंग रेंज स्थित है, ऐसे में संवेदनशील इलाके के निकट ड्रोन का मिलना सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय माना जा रहा है।फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही ड्रोन की वास्तविक पहचान और उसके यहां पहुंचने के कारणों का खुलासा हो सकेगा।