बीकानेर। लक्ष्मीनाथ मंदिर से दर्शन कर घर लौट रही दो युवतियों पर हुए कथित जानलेवा हमले के विरोध में पीड़ित परिवार और सुथार समाज के लोगों ने देर रात नया शहर थाने का घेराव कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कीप्रदर्शनकारियों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग भी उठाई।पीड़ित परिवार के अनुसार दोनों बहनें मंदिर से दर्शन कर स्कूटी पर घर लौट रही थीं। आरोप है कि विश्वकर्मा गेट के प्रवेश द्वार के पास पहले से घात लगाए बैठे कुछ युवकों ने उनकी स्कूटी रुकवा ली। हमलावरों के चेहरे ढके हुए थे। आरोप है कि एक आरोपी ने दोनों बहनों पर मिर्च पाउडर फेंक दिया, जिससे वे संतुलन खोकर स्कूटी सहित सड़क पर गिर गईं।इसके बाद आरोपियों ने लोहे के पाइप और लकड़ी के डंडों से दोनों बहनों पर हमला कर दिया। हमले में एक युवती के हाथ, पैर, कमर और ठोड़ी पर गंभीर चोटें आईं, जबकि दूसरी बहन के सिर पर गहरी चोट लगने से खून बहने लगा। परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने दोनों के कपड़े भी फाड़ दिए।घटना के दौरान दोनों बहनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए। पीड़िता की ओर से दर्ज रिपोर्ट में बताया गया है कि हमला पुरानी मुकदमेबाजी की रंजिश के चलते किया गया। आरोपियों पर पहले भी घर के सीसीटीवी कैमरे तोड़ने, पीछा करने और लगातार परेशान करने के आरोप लगाए गए हैं।परिजनों का कहना है कि गंभीर वारदात के बावजूद आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं और उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। साथ ही समझौते के लिए दबाव बनाने का भी आरोप लगाया गया है।इसी को लेकर देर रात पीड़ित परिवार और सुथार समाज के लोगों ने नया शहर थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच तथा पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।