बीकानेर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित एक ज्वेलरी दुकान से कर्मचारी द्वारा लाखों रुपये मूल्य का सोना चोरी कर फरार होने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी कर्मचारी की पूरी करतूत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। जानकारी के अनुसार परिवादी कपिल सोनी पुत्र जुगल नारायण सोनी ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि उसके भाई की अनुपस्थिति में दुकान पर कार्यरत कर्मचारी राजू मंडल दुकान संभाल रहा था। इसी दौरान उसने काउंटर में रखी करीब 75.500 ग्राम वजनी सोने की ढाली पार कर ली।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि राजू मंडल कागज देने के बहाने काउंटर के पास पहुंचा और मौका मिलते ही वहां रखी सोने की ढाली उठाकर ले गया। घटना 5 जून की सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है।चोरी का खुलासा तब हुआ जब दुकान का स्टॉक मिलाया गया। स्टाक में 75.500 ग्राम सोना कम मिलने पर दुकान संचालक के होश उड़ गए। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पूरी वारदात सामने आ गई।पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान राजू मंडल पुत्र आकाश मंडल निवासी कोलकाता पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। परिवादी की शिकायत के आधार पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर लिया है।फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।