बीकानेर। संभाग के सबसे बड़े अस्पताल पीबीएम के ट्रॉमा सेंटर में देर रात रेजिडेंट डॉक्टर के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद शनिवार सुबह माहौल गरमा गया। घटना के विरोध में रेजिडेंट डॉक्टरों ने कार्य बहिष्कार की घोषणा कर दी, जिससे ट्रॉमा सेंटर की चिकित्सा सेवाएं प्रभावित हुई हैं।मिली जानकारी के अनुसार देर रात एक सड़क हादसे में घायल युवती को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर लाया गया था। चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किए जाने के बाद रेजिडेंट डॉक्टर डॉ. प्रतिभा किसी अन्य मरीज के सिटी स्कैन की प्रक्रिया के लिए सिटी स्कैन रूम पहुंचीं। इसी दौरान उक्त युवती भी वहां पहुंच गई। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।आरोप है कि युवती ने रेजिडेंट डॉक्टर को थप्पड़ जड़ दिया, जिससे डॉक्टर को चोटें आईं। घटना के बाद ट्रॉमा सेंटर का स्टाफ मौके पर एकत्रित हो गया और सदर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने के बाद भी माहौल तनावपूर्ण बना रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ चिकित्सक भी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद पूरी तरह शांत नहीं हो सका।
घटना से नाराज रेजिडेंट डॉक्टरों ने शनिवार सुबह से कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। इसके चलते सर्जरी, न्यूरोसर्जरी, ऑर्थोपेडिक सहित ट्रॉमा सेंटर की विभिन्न सेवाएं प्रभावित हुई हैं। डॉक्टरों का कहना है कि अस्पताल में कार्यरत चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित किए बिना वे काम पर लौटने के लिए तैयार नहीं हैं।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।