खाली मटका लेकर पह
बीकानेर में बढ़ती गर्मी के बीच पेयजल संकट और लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मटका फोड़कर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व मंत्री बी.डी. कल्ला और पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत ने किया। बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
*अधूरी जल योजना पर उठाए सवाल*
पूर्व मंत्री कांग्रेस नेता बी.डी कल्ला ने आरोप लगाया कि शहर की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए वर्ष 2022 में करीब 614 करोड़ रुपये से अधिक की योजना स्वीकृत की गई थी, जिसे मई 2026 तक पूरा होना था, लेकिन अब तक योजना अधूरी पड़ी है। उन्होंने बताया कि कि वर्ष 2052 की आबादी को ध्यान में रखकर बनाई गई इस परियोजना में प्रशासनिक लापरवाही सामने आई है, जिसका खामियाजा आम जनता भुगत रही है। कांग्रेस ने मांग की कि योजना को जल्द पूरा कर शहरवासियों को राहत दी जाए।
*जलापूर्ति और लो-प्रेशर की समस्या पर नाराजगी*
ज्ञापन में कांग्रेस ने उन इलाकों में तत्काल वैकल्पिक जल व्यवस्था करने की मांग उठाई, जहां पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद है। साथ ही जिन क्षेत्रों में लो-प्रेशर की समस्या बनी हुई है, वहां तकनीकी जांच कर पर्याप्त दबाव से जलापूर्ति सुनिश्चित करने की बात कही गई।
*बिजली कटौती से जनता परेशान*
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने बिजली व्यवस्था को लेकर भी निजी बिजली कंपनी पर निशाना साधा। नेताओं का कहना था कि रखरखाव के नाम पर घंटों बिजली कटौती की जा रही है। भीषण गर्मी में दिन और रात बार-बार बिजली बंद होने से आमजन को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पिछले डेढ़ साल से मेंटेनेंस के नाम पर लोगों को लगातार परेशान किया जा रहा है।
*कई नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद*
प्रदर्शन में पीसीसी महासचिव जिया उर रहमान आरिफ, कांग्रेस नेता विकास तंवर, गजेंद्र सिंह सांखला, प्रदेश प्रवक्ता साजिद सुलेमानी, आनंद सिंह सोढा, जाकिर नागौरी, शहजाद भुट्टा, सुमित कोचर, मकसूद अहमद, कन्हैयालाल कल्ला, पन्नालाल मेघवाल, शहाबुद्दीन भुट्टो, हजारीमल देवड़ा, जावेद पड़िहार, सोहन चौधरी, भंवर कुकणा, उमा सुथार, शर्मिला पंचारिया, नवनीत कौर खत्री, आशा देवी स्वामी, मुमताज शेख और शालिना खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।