बीकानेर। शहर के कोटगेट क्षेत्र स्थित जिन्ना रोड की 5 नंबर डिस्पेंसरी में डॉक्टर और परिजनों के बीच इलाज को लेकर हंगामा हो गया। इसके विरोध मरीजों और स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने वहां कार्यरत महिला चिकित्सक डॉ. इंदुबाला पर मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए। सूचना मिलने पर कोटगेट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार एक बीमार बच्चे को लेकर उसके परिजन उपचार के लिए डिस्पेंसरी पहुंचे थे। आरोप है कि चिकित्सक ने बच्चे को पीबीएम अस्पताल के पीडियाट्रिक सेंटर ले जाने की सलाह दी। इसी दौरान डॉक्टर और परिजनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद परिजनों ने डॉक्टर के व्यवहार पर आपत्ति जताई।मामले को लेकर पूर्व यूआईटी चेयरमैन मकसूद अहमद के नेतृत्व में स्थानीय लोग और मरीज डिस्पेंसरी परिसर में धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने चिकित्सक को तत्काल हटाने की मांग करते हुए नारेबाजी की और कहा कि जब तक कार्रवाई नहीं होगी, उनका विरोध जारी रहेगा।मकसूद अहमद ने बताया कि उन्हें पिछले कुछ समय से डॉक्टर के व्यवहार को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले जब वे स्वयं एक मरीज को दिखाने डिस्पेंसरी पहुंचे, तब उनके साथ भी डॉक्टर द्वारा दुर्व्यवहार किया गया।वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर माहौल शांत कराने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक धरना जारी था और लोग चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए थे।