बीकानेर। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर बुधवार को एनएसयूआई ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। एनएसयूआई बीकानेर शहर जिलाध्यक्ष हरिराम गोदारा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डूंगर महाविद्यालय के आगे सड़क जाम कर केंद्र सरकार और एनटीए के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों के भविष्य के साथ हुए खिलवाड़ पर रोष जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई गई। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, एनटीए को बैन किया जाए तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान इस्तीफा दें।
हरिराम गोदारा ने कहा कि देशभर के 18 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने कड़ी मेहनत और तैयारी के साथ परीक्षा दी, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं ने छात्रों का भरोसा तोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रही परीक्षा अनियमितताएं सरकार की विफलता को दर्शाती हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाओं के कारण छात्र मानसिक तनाव में आकर आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं। एनएसयूआई ने चेतावनी दी कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में एनएसयूआई कार्यकर्ता और छात्र मौजूद रहे।