बीकानेर। PTI भर्ती 2022 के चयनित अभ्यर्थियों का आंदोलन अब उग्र होता नजर आ रहा है। अपनी मांगों को लेकर बुधवार को भीषण गर्मी में अभ्यर्थियों ने शिक्षा निदेशालय पर अर्धनग्न होकर दंडवत यात्रा निकाली और जोरदार नारेबाजी करते हुए निदेशक कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। भीषण गर्मी के बावजूद अभ्यर्थियों का जोश और आक्रोश साफ दिखाई दिया।राजस्थान एकीकृत शारीरिक शिक्षक संघ के नेतृत्व में चल रहा यह आंदोलन पिछले कई दिनों से जारी है। चयनित अभ्यर्थी पिछले दस दिनों से धरने पर बैठे हैं, जबकि शिक्षा निदेशालय पर चार दिनों से अनिश्चितकालीन धरना जारी है। अभ्यर्थियों की मुख्य मांग PTI भर्ती 2022 में चयनित अभ्यर्थियों की मुख्य मांग स्थायीकरण और वेतन नियमितीकरण है।प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय से सरकार और प्रशासन केवल आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इसी नाराजगी के चलते अभ्यर्थियों ने दंडवत यात्रा कर अपना विरोध जताया।संघ के प्रदेश अध्यक्ष रामप्रसाद ने कहा कि भीषण गर्मी में अभ्यर्थी मजबूरी में सड़क पर उतरने को विवश हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगों का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को पूरे प्रदेश में व्यापक रूप दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि धरने के दौरान किसी अभ्यर्थी की तबीयत बिगड़ने पर समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।