बीकानेर। शहर इन दिनों नौतपा की भीषण गर्मी की चपेट में है। तेज धूप और लू के थपेड़ों ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। दोपहर के समय शहर की सड़कें सूनी नजर आ रही हैं, वहीं बाजारों की रौनक भी गायब हो गई है।
बुधवार को शहर के प्रमुख बाजारों और महात्मा गांधी मार्ग, स्टेशन रोड, शार्दूल सिंह सर्किल,हेड पोस्ट आफिस के आसपास सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम भीड़ दिखाई दी। आमतौर परे दिनभर चहल-पहल से भरे रहने वाले बाजारों में इस समय सन्नाटा पसरा हुआ है। दुकानदार ग्राहकों के इंतजार में बैठे नजर आए।दोपहर करीब 12 बजे से शाम 4 बजे तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में यातायात भी काफी कम दिखाई दिया। जहां सामान्य दिनों में वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है, वहीं भीषण गर्मी के चलते सड़कें लगभग खाली नजर आईं। राहगीर सिर और चेहरे को कपड़े से ढंककर निकलते दिखे, गर्मी से बचने के लिए शहर वासी से पेय पदार्थों का सहारा लेते हुए दिखाई दिए, जबकि कई लोग छाते और पानी की बोतल के सहारे सफर करते नजर आए।शहर का तापमान 46 डिग्री पर बना हुआ है। चिकित्सकों ने लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। डॉक्टरों के अनुसार हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ गया है, इसलिए दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। साथ ही अधिक पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और अनावश्यक यात्रा से बचने की हिदायत दी गई है।मौसम विभाग ने भी 25 मई से शुरू हुए नौतपा के दौरान आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है। भीषण गर्मी का असर व्यापार पर भी साफ दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने आगामी कुछ दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बीकानेर में धूल भरी हवाओं के साथ बूंदा-बांदी की आशंका जताई है।