बीकानेर। शहर में खुफिया एजेंसियों और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करोड़ों के अवैध वन्यजीव कारोबार से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। कोटगेट थाना क्षेत्र में मिलिट्री इंटेलिजेंस, सीआईडी-सीबी और कोटगेट पुलिस की टीम ने जाल बिछाकर 650 ग्राम एम्बरग्रीस बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 65 लाख रुपये आंकी जा रही है।
सीओ सिटी अनुज डाल ने बताया कि एम्बरग्रीस, जिसे आम बोलचाल में व्हेल मछली की उल्टी कहा जाता है, इससे महंगे परफ्यूम, कास्मेटिक का सामान बनाया जाता है। पुलिस को इस अवैध सौदे की सूचना मिलने पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। ऑपरेशन के दौरान तीन लोगों को दबोचा गया, जिनमें दो नाबालिग हैं। वहीं एक बालिग आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।प्रारंभिक जांच में तीनों आरोपियों के महाराष्ट्र के रत्नागिरी निवासी होने की जानकारी सामने आई है। बरामद एम्बरग्रीस को वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत प्रतिबंधित श्रेणी में माना जाता है, जिसके व्यापार और खरीद-फरोख्त पर रोक है।पुलिस ने वाइल्ड लाइफ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि तस्करी के पूरे नेटवर्क,सप्लाई चेन और इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। संयुक्त कार्रवाई के बाद एजेंसियां अब इस बात की भी जांच कर रही हैं कि इतनी बड़ी खेप बीकानेर तक कैसे पहुंची और इसके खरीदार कौन थे।