बीकानेर। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मंगलवार को चोपड़ा कटला स्थित चिकित्सा संकुल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने संकुल में उपलब्ध विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
संकुल में आयुर्वेद, एलोपैथी, होम्योपैथी, यूनानी और योग चिकित्सा जैसी पांचों पद्धतियों की सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाई जा रही हैं। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि यहां रोजाना 500 से 700 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं तथा उन्हें नि:शुल्क उपचार और दवाइयां उपलब्ध करवाई जाती हैं।समिति के प्रबंधक राजीव शर्मा ने बताया कि वर्ष 2021 में इस योजना की शुरुआत की गई थी। क्षेत्र में बड़ी संख्या में स्लम एरिया होने के कारण लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं नहीं मिल पा रही थीं, जिसे देखते हुए यह चिकित्सा संकुल शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि यहां एक हजार से अधिक दवाइयां उपलब्ध हैं और आमजन को लगातार लाभ मिल रहा है।व्यवस्थापक दीपक वत्स ने मदन राठौड़ को परिसर में संचालित अन्य सुविधाओं की भी जानकारी दी। परिसर में सर्वमन गंगा प्याऊ का निर्माण किया गया है, जहां प्रतिदिन हजारों लीटर पेयजल आमजन के उपयोग में आता है। इसके अलावा यहां एक योगा पार्क भी विकसित किया गया है, जिसमें विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं।
मदन राठौड़ ने चिकित्सा संकुल की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे आमजन के लिए उपयोगी पहल बताया। इस दौरान राजीव शर्मा, दिनेश वत्स, प्रदीप भारद्वाज, पूनम चलवा, रामकुमार झंवर, योगेश भार्गव, जीवन सोलंकी और संजय पटपटिया सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।