बीकानेर। पंजाब नेशनल बैंक मंडल कार्यालय बीकानेर द्वारा बीकानेर, नागौर, डीडवाना-कुचामन और जैसलमेर जिलों में मेगा रिटेल एवं एमएसएमई आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बीकानेर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल प्रमुख एवं उप महाप्रबंधक गजेंद्र चौधरी ने की।
कार्यक्रम में उप मंडल प्रमुख एस.एन. पांडे, एमसीसी प्रमुख नीरज गर्ग, विभिन्न शाखाओं के प्रमुख, सम्मानित ग्राहक तथा बड़ी संख्या में संभावित उधारकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान बैंक को कुल ₹135 करोड़ के ऋण प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें एमएसएमई क्षेत्र के ₹85 करोड़ और रिटेल क्षेत्र के ₹50 करोड़ के प्रस्ताव शामिल रहे।बैंक ने कार्यक्रम के दौरान त्वरित कार्रवाई करते हुए ₹35 करोड़ के ऋणों को मौके पर ही स्वीकृति प्रदान की। साथ ही 27 पात्र उधारकर्ताओं को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए, जिससे ग्राहकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण एसबीआई से टेकओवर किए गए एम/एस एस.पी. एग्रो प्रोसेस प्राइवेट लिमिटेड के ₹21.90 करोड़ के ऋण प्रस्ताव की स्वीकृति रही। इस अवसर पर मंडल प्रमुख गजेंद्र चौधरी ने कंपनी के निदेशक संजय पेरीवाल को स्वीकृति पत्र प्रदान किया तथा शॉल और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।अपने संबोधन में गजेंद्र चौधरी ने कहा कि यह आउटरीच कार्यक्रम एमएसएमई और रिटेल ग्राहकों के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण बैंकिंग सेवाओं के माध्यम से ग्राहकों की वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयासरत है। ऐसे आयोजन बैंक और ग्राहकों के बीच विश्वास को मजबूत करने के साथ-साथ क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई गति प्रदान करते हैं।कार्यक्रम के सफल आयोजन से स्थानीय उद्यमियों, व्यापारियों और आम ग्राहकों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में बैंक की सक्रिय भूमिका एक बार फिर उजागर हुई।