बीकानेर। शहर के नयाशहर थाना क्षेत्र में आधी रात को उस समय सनसनी फैल गई जब हथियारों से लैस बदमाशों ने एक घर पर पेट्रोल बम जैसा हमला कर दहशत का माहौल बना दिया। मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पहुंचे आरोपियों ने घर के मुख्य दरवाजे पर आग लगी पेट्रोल की बोतल फेंक दी, जिससे जोरदार धमाका हुआ और पूरा परिवार दहशत में आ गया।
घटना 22 मई की रात करीब साढ़े बारह बजे वाल्मिकी बस्ती श्मशान के पास की है। परिवादी विजय कुमार सियोता ने नयाशहर थाने में दर्ज रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि मोटू उर्फ विनित, विकास उर्फ छोटू, मनोज गोयल, अमित चांवरिया, पूनमचंद चांवरिया, सुनील उर्फ चीमना सहित पांच-सात अन्य लोग मोटरसाइकिलों पर सवार होकर उसके घर पहुंचे। आरोपियों के हाथों में पेट्रोल से भरी बोतलें, तलवारें, गंडासे, सरिये और अन्य धारदार हथियार थे।रिपोर्ट के अनुसार बदमाशों ने घर के मुख्य दरवाजे पर आग लगाकर पेट्रोल की बोतल फेंकी, जिससे तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी सहम गए। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दरवाजे को नुकसान पहुंचा और परिवार के लोग भयभीत हो गए।घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल शीशराम को सौंपी गई है तथा आरोपियों की तलाश की जा रही है।