बीकानेर। शहर के नया शहर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा चौथाणी ओझाओं की गली में उस समय हुआ जब युवक मानवता दिखाते हुए एक गाय को बचाने का प्रयास कर रहा था।
जानकारी के अनुसार राहुल ओझा सुबह अपनी बुआ को रेलवे स्टेशन छोड़ने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान गली में खुले पड़े बिजली के तारों के पास एक गाय पहुंच गई और तारों को मुंह में लेने का प्रयास करने लगी। गाय को खतरे में देख राहुल ने तत्परता दिखाते हुए खुले तारों को हटाने की कोशिश की, लेकिन वह खुद ही बिजली के करंट की चपेट में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज करंट लगते ही राहुल नीचे गिर पड़ा। घटना देखकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे गंभीर हालत में पीबीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवा की असमय मौत की खबर फैलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि राहुल मिलनसार और मददगार स्वभाव का था। गाय को बचाने के प्रयास में उसकी जान चली जाने की घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।