बीकानेर। पीबीएम अस्पताल एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार मामला लेबर रूम के पास बने टॉयलेट से एक युवक को पकड़ने और उसके बाद हुई जमकर मारपीट से जुड़ा है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक नशे में धुत्त था और टॉयलेट के पास महिलाओं की तरफ इशारे कर रहा था। शक होने पर लोगों ने उसे दबोच लिया और महिला गार्ड के हवाले कर दिया। आरोप है कि इसके बाद गार्ड ने युवक की जमकर पिटाई कर दी।घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि यदि युवक की हरकतें गलत थीं तो उसे सीधे पुलिस के हवाले क्यों नहीं किया गया? इस दौरान वहां मौजूद गार्ड ने पूरी मारपीट का वीडियो भी बनाया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हैरत की बात है कि अस्पताल परिसर में सुरक्षा के नाम पर कानून हाथ में लेने का अधिकार वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों को आखिर किसने दिया?प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने खुद को उदासर निवासी बताया है। वीडियो में युवक खुद को छोड़ने की मिन्नतें करता दिखाई दे रहा हालांकि अभी तक उसकी पहचान और पूरे घटनाक्रम को लेकर आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो कुछ दिन पहले का बताया जा रहा है। इससे पहले भी कुछ दिन पहले भी चोरी के शक में एक युवक की पिटाई का मामला सामने आया था, जिसमें बाद में सदर पुलिस थाना की जांच में युवक निर्दोष निकला था। अब फिर वैसा ही मामला सामने आने से अस्पताल में कार्यरत सुरक्षा कर्मियों की कार्यप्रणाली कटघरे में आ गई है।लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद लोग सवाल उठा रहे हैं कि अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था चल रही है या दबंगई?