बीकानेर: बोलेरो सवार बेखौफ बदमाशों ने चार थाना क्षेत्रों में मचाया आतंक, होटल टोल पर मारपीट-तोडफोड़, सीसीटीवी फुटेज आया सामने
बीकानेर। जिले में एक बार फिर से बेखौफ बदमाशों का तांडव देखने को मिला है। काली बोलेरो में सवार चार बदमाशों ने चार थाना क्षेत्रों में जमकर दहशत फैलाई। घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है जहां बोलेरो सवार बदमाशों ने पहले बीछवाल शोभासर टोल नाके पर काम करने वाले कर्मचारियों से मारपीट की। उसके बाद वे वहां से खारा इंडस्ट्रियल एरिया पहुंचे जहां एक ट्रांसपोर्टर से मारपीट कर वहां से फरार हो गए। इसके बाद वे जयपुर बाईपास पहुंच गए जहां एक होटल पर काम करने वाले चंद्र प्रकाश बिश्नोई पर हमला बोल दिया। बदमाश इतने में ही नहीं रुके उन्होंने आगे सेरूणा थाना इलाके के एनएच-11 स्थित एक होटल में भी जमकर तोड़फोड़ कर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।अचानक हुई इस फायरिंग से इलाका दहल गया। बोलेरो सवार बदमाशों ने घटना को अंजाम देकर वहां से फरार हो गए।होटल मालिक गुंंसाईसर छोटा निवासी रामनिवास पुत्र सुरजाराम ने बताया कि उसकी गांव के ही कुछ लोगों से अनबन चल रही है जिसके चलते आरोपी युवक बुधवार सुबह -सुबह आए और होटल कांच तोडने लगे कांच टूटने की आवाज से बाहर आकर देखा तो रामस्वरूप निंबडिया,विजयपाल जाट सीताराम,और कालू भार्गव उसकी होटल में तोड़फोड़ कर रहे हैं। उन्हें ऐसा करने से मना करने पर रामस्वरूप ने पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर वहां से भाग गए। फायरिंग, तोड़फोड़ की पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने एसपी तेजस्विनी गौतम मौके पर पहुंची मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी प्यारेलाल शिवरान के नेतृत्व में 10 टीमे बनाई और बदमाशों की तलाश शुरू की। पुलिस ने बुधवार शाम को चारों बदमाशों को जामसर थाना इलाके से पकड़ लिया। पुलिस ने चारों आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल,देशी कट्टा, कारतूस बरामद किए हैं।चारों आरोपी आदतन अपराधी बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है।