बीकानेर। यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने चौधरी भीमसेन सर्किल सहित आसपास के क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अनाधिकृत रेहड़ी-ठेले, खोखे और हाथगाड़ियों को हटाया तथा क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया।
अभियान के दौरान सर्किल के आसपास नो-पार्किंग में खड़े वाहनों को भी हटवाया गया। अधिकारियों के अनुसार इस स्थान से विभिन्न रूटों की बसों और अन्य वाहनों का लगातार आवागमन रहता है। पूर्व में बसों के ठहराव के लिए जगह तय की गई थी, लेकिन अवैध अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था, जिसे कार्रवाई के बाद व्यवस्थित किया गया।संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 60 पुलिस एक्ट के तहत 30 प्रकरण दर्ज किए और मौके से सामान भी जब्त किया। टैक्सी स्टैंड पर मौजूद चालकों को भी निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़ा करने के लिए समझाइश दी गई।
कार्रवाई में यातायात प्रभारी नरेश निर्वाण, चल यातायात प्रभारी पुलिस निरीक्षक कानाराम, उप निरीक्षक रामगोपाल, यातायात स्टाफ तथा नगर निगम सतर्कता दल प्रभारी प्रदीप सिंह खिड़िया अपनी टीम के साथ मौजूद रहे।पुलिस अधीक्षक ने आमजन और व्यापारियों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था में सहयोग करें। अधिकारियों ने बताया कि मुख्य मार्गों, बस स्टैंड और बाजार क्षेत्रों में यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज और पुलिस अधीक्षक बीकानेर के निर्देश पर शहर में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए यह अभियान चलाया गया।