Share on WhatsApp

बीकानेर: इनकम टैक्स के नोटिस के विरोध में सड़क पर उतरे कांग्रेसी

बीकानेर । आयकर विभाग की ओर से कांग्रेस पार्टी को 1823 करोड़ रुपए टैक्स जमा कराने के दिए गए नोटिस के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कोटगेट पर प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले प्रदर्शन के दौरान जिले भर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। पूर्व शिक्षा मंत्री मंत्री डॉ बीडी कल्ला ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र को विफल करने के लिए लगातार साजिश रच रही है। सरकारी संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। पार्टी के बैंक खातों को केन्द्र की भाजपा सरकार के इशारे पर पहले ही फ्रीज कर दिया गया है और उनमें से 135 करोड़ रुपए आयकर विभाग ने निकाल लिए हैं। अब आयकर विभाग ने 1823.08 करोड़ रुपए का भुगतान करने का नोटिस दिया है। कांग्रेस के खिलाफ यह अलोकतांत्रिक कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई कांग्रेस पार्टी को चुनाव में रोकने के लिए की गई है। संगठन महासचिव नितिन वत्स ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केन्द्र सरकार की ओर से लगातार देश के लोकतंत्र एवं लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं पर प्रहार किए जा रहे हैं। केन्द्र सरकार की ओर से देश के लोकतंत्र को विफल करने की सुनियोजित प्रक्रिया को बढ़ाया जा रहा है। इसके तहत आम चुनावों से ठीक पहले आयकर विभाग की ओर से पहले कांग्रेस पार्टी के बैंक खाते फ्रीज किए गए और 135 करोड़ रुपए निकाल लिए गए। अब आयकर विभाग की ओर से आठ वर्ष के आयकर रिटर्न को आधारहीन तथ्यों के आधार पर पुनः खोल कर लोकतंत्र के सिद्धान्तों पर हमला करते हुए लोकसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस पार्टी को 1823.08 करोड़ रुपये का भुगतान करने का नोटिस दिया गया है। जिला संगठन महासचिव प्रह्लाद सिंह मार्शल ने आरोप लगाया कि आयकर विभाग के जिन नियमों की आड़ में कांग्रेस को परेशान किया जा रहा है, उन्हीं नियमों को लेकर भाजपा को छूट दी जा रही है। कांग्रेस का 14 लाख रुपए का वायलेशन बताकर भाजपा के आयकर विभाग ने कांग्रेस के 135 करोड़ रुपए ले लिए। लेकिन भाजपा को 42 करोड़ रुपए का चंदा देने वालों का न कोई नाम है, न कोई पता है, उस पर कोई कार्रवाई नहीं की। लोकसभा चुनाव से पहले समान अवसर की स्थिति को खत्म करने के लिए यह सब किया जा रहा है, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। अपना चुनाव अभियान जारी रखेंगे। इस दौरान बीकानेर शहर अध्यक्ष यशपाल गहलोत, देहात कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बिशना राम सिहाग सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *