बीकानेर। रेलवे से जुड़े एक बड़े भ्रष्टाचार मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे के दो कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए कर्मचारियों की पहचान राजेंद्र चौधरी और राकेश के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार कोलकाता की एम आर टी कंपनी को मिले करीब 48 करोड़ रुपये के टेंडर से संबंधित बिलों को पास करने की एवज में रिश्वत की मांग की गई थी। आरोप है कि कंपनी के कर्मचारी नवल किशोर जब बिलों के भुगतान की प्रक्रिया के लिए सेक्शन ऑफिसर राजेंद्र चौधरी के पास पहुंचे तो उनसे रिश्वत मांगी गई।इस पर नवल किशोर ने मामले की शिकायत सीबीआई से की। शिकायत के सत्यापन के बाद सीबीआई ने जाल बिछाया और शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 1 लाख 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।सीबीआई की टीम ने मौके पर कार्रवाई के बाद दोनों कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि रिश्वतखोरी के इस मामले में अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल हैं या नहीं।
जानकारी के अनुसार मामला रेलवे के बड़े भुगतान और टेंडर प्रक्रिया से जुड़ा हुआ है, इसलिए सीबीआई की जांच का दायरा और बढ़ सकता है।