बीकानेर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर मुक्ता प्रसाद नगर स्थित रविंदर नाथ पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ।
समारोह में मुख्य अतिथि ईसीबी रसायन विभाग के डॉ. महेन्द्र व्यास , ईसीबी परीक्षा विभाग के दुर्गा शंकर गोस्वामी विद्यालय सचिव जगदीश चुघ एवं विद्यालय प्राचार्या रेनू खत्री ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त अधिशाषी अभियंता एवं समाजसेवी लूनाराम रखेचा तथा समाजसेवी बजरंग स्वामी भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।ध्वजारोहण के पश्चात विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, नृत्यों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शानदार रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की आकर्षक प्रस्तुतियों पर उपस्थित अतिथियों ने उनकी प्रतिभा की सराहना की।मुख्य अतिथि डॉ. महेन्द्र व्यास ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के योगदान को याद करते हुए विद्यार्थियों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आजादी हमें अनेक बलिदानों के बाद प्राप्त हुई है और इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय सचिव जगदीश चुघ एवं प्राचार्या श्रीमती रेनू खत्री ने सभी अतिथियों का तिलक लगाकर, साफा, शॉल एवं माल्यार्पण कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।